बृजेश चतुर्वेदी कन्नौज। इत्र और इतिहास की नगरी कन्नौज में गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज शान से फहराया गया। कलक्ट्रेट में डीएम ने ध्वजारोहण किया तो पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्य सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस पर जिले भर के स्कूल कॉलेजों में कार्यक्रम किए गए। युवाओं ने पैदल जुलूस निकाले तो सरकारी विभागों की ओर से ट्रेक्टर पर झांकियां निकाली गईं। पुलिस लाइन में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया गया। यहां राज्य सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने एसपी कुंवर अनुपम सिंह और सीओ सदर प्रियंका बाजपेई के साथ गाड़ी पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस की अलग-अलग टुकड़ियों की सलामी ली। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों और अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके बाद पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए। पुलिस लाइन में परेड और बच्चों के कार्यक्रम देखने के लिए काफी भीड़ उमड़ी। ग्राउंड में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर पुलिस जवानों और स्कूली बच्चों की हौसला आफजाई की। इससे पहले कलक्ट्रेट में डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने ध्वजारोहण किया। यहां उन्होंने कलक्ट्रेट कर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। जनपद न्यायालय में जिला जज अजय कुमार श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने बेहतर काम करने वाले न्यायालय कर्मियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अपर जिला जज शिव कुमार तिवारी ने किया। इस दौरान अपर जिला जज प्रथम विशम्भर प्रसाद, अपर जिला जज गीता सिंह, अपर जिला जज नंदकुमार, सिविल जज सीनियर डिवीजन धर्मवीर सिंह समेत कई न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता मौजूद रहे। शहर में जोश के साथ युवाओं ने पदयात्रा और बाइक रैली निकाली। हाथ में तिरंगा और भारत माता के जयकारों के साथ युवाओं की टोलियों ने राष्ट्र एकता और अखंडता का संदेश दिया। युवाओं की तिरंगा यात्रा ग्वाल मैदान होते हुए शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरी और फिर फूलमती मन्दिर परिसर में यात्रा का समापन हुआ। कन्नौज-सरायमीरा-मकरंदनगर के बीच चलने वाले ऑटो ड्राइवरों ने भी रैली निकाली। फूलों और गुब्बारों से रंगे ऑटो एक लाइन से चलते नजर आए। इसके अलावा इत्र नगरी के विनोद दीक्षित अस्पताल से ट्रैक्टर पर मनमोहक झांकियां निकाली गईं। इन ट्रैक्टरों पर सरकारी विभागों की योजनाओं से सम्बंधित झांकियां सजाई गईं थीं। ट्रैक्टर पर सजी झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जोकि चिरैयागंज, लाखन तिराहा, बड़ा बाजार होते हुए के. के. इंटर कॉलेज पहुंची।