नई दिल्ली : भारत आज अपना 71वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित राजपथ पर आयोजित मुख्य समारोह में देश के शौर्य, संस्कृति और समृद्धि का नजारा देखने को मिला। भारत ने पूरी दुनिया को जल-थल-नभ में अपनी ताकत दिखाई, तो अपनी संस्कृति और समृद्धि का दर्शन भी कराया। राजपथ पर देश की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक प्रगति को दर्शाते हुए 22 झांकियां प्रदर्शित की गईं, जिनमें 16 झांकियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से थीं। इसके अलावा विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कार्यो की छह झांकियां प्रदर्शित की गईं। गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार बतौर मुख्य अतिथि ब्राजील के राष्ट्रपति जायेर बोलसोनारो ने शिरकत की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राजपथ पर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत गणमान्य अतिथिगण राजपथ पर आयोजित मुख्य समारोह में मौजूद थे।