लखनऊ। चौक स्थित घण्टाघर पर सीएए व एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं व प्रशासन के बीच लगातार जोर-आजमाइश का दौर जारी है। पिछले 9 दिनों से प्रदर्शन कर रहीं मुस्लिम महिलाओं को हटाने के लिए पुलिस-प्रशासन कई बार प्रयास कर चुका है, लेकिन महिलाएं टस से मस नहीं हुईं। मुस्लिम महिलाओं को हिन्दू महिलाओं के अलावां कई चर्चित लोगों ने अपना समर्थन दिया है। शनिवार को प्रदर्शनकारी मुस्लिम महिलाओं ने हिन्दू महिलाओं के साथ हनुमान चालीसा का पाठ और आरती की। हनुमान चालीसा के बाद महिलाओं ने हवन भी किया। महिलाओं ने पूजा, हवन के बाद सीएए और एनआरसी के विरोध में नारेबाजी भी की। पुलिस ने दिखाई सख्ती तो महिलाओं ने बांटे फूल इससे पहले पुलिस ने घण्टाघर पर प्रदर्शनकारी महिलाओं को सपोर्ट व समर्थन दे रहे 8 लोगों को हिरासत में ले लिया। जिनमें 7 पुरुष व एक महिला शामिल हैं। महिला की पहचान सपा कार्यकर्ता पूजा शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस को रोकने के लिए महिलाओं ने उन्हें गुलाब के फूल भी भेंट किए। हालांकि पुलिस पर इसका कोई असर नहीं हुआ। पुलिस की सख्ती से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।