लखनऊ: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के सबसे बड़े राज्य यूपी के लिए चौथी बार बजट पेश करते हुए सभी का ख्याल रखते हुए कुल पांच लाख करोड़ रूपये से अधिक की भारी भरकम राशि की मंजूरी दी है ताकि जनता से जुड़े विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी कैबिनेट ने प्रदेश को बड़ी सौगात दी है। आज यूपी सरकार का चौथा बजट पेश हुआ, जिसमें वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 5 लाख 12 हजार 860 करोड़ 72 लाख का बजट पेश किया। सरकार ने इसे मंजूरी दे दी है। बजट में 10 हजार 967 करोड़ 87 लाख की नई योजनाएं शामिल की गई हैं। यूपी के इतिहास का यह सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है। वित्त मंत्री योगी सरकार के पिछले कार्यकाल के दौरान किये गये विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया। विकास के प्रति योगी सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए सुरेश खन्ना ने ये पंक्तियां पढ़ीं, ‘गैर परों से उड़ सकते हैं, हद से हद की दीवारों तक, अंबर तक तो वही उडे़ंगे, जिनके अपने पर होंगे।’